मारवाड़ी भवन में 30 से परंपरा महोत्सव का उद्घाटन करेंगी मंत्री
रांची, 29 जुलाई (हि.स.)। मारवाड़ी सहायक समिति की ओर से 30 जुलाई से दो अगस्त 2026 तक हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में चार दिवसीय सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महोत्सव परंपरा का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का उद्घाटन 30 जुलाई को मंत्री शिल्पी बतौर मुख्य अतिथि, जबकि रांची नगर निगम की महापौर रौशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार बतौर विशिष्ट अतिथि के तौर पर संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्धाटन करेंगे। यह जानकारी मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने जारी प्रेस विज्ञप्ति के जरिए बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, खान-पान और समाज की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। समिति के सचिव विनोद जैन ने कहा कि चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक प्रदर्शनी, मनोरंजक गतिविधियां और विविध व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया ने बताया कि महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 08 बजे तक संचालित होगा। इस दौरान महिलाओं की सहभागिता से संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह महोत्सव रांचीवासियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

