home page

जेपीएससी मुद्दे पर छात्रों के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा : विनोद

 | 
जेपीएससी मुद्दे पर छात्रों के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा : विनोद


रांची, 02 सितंबर (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं के मुद्दे पर भाजपा के आंदोलन और 48 घंटे के अल्टीमेटम को राजनीतिक नौटंकी बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों की पीठ के पीछे छिपकर राजनीति करने के बजाय सीधे मैदान में उतरकर मुकाबला करे।

उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य की चिंता है तो पार्टी को राजनीतिक और कानूनी लड़ाई खुले तौर पर लड़नी चाहिए। विनोद पांडेय ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं होगा, लेकिन उनके आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाना भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा से कहा कि राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो सीधे मैदान में आए और कानूनी लड़ाई लड़नी है तो कानून का रास्ता अपनाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को छात्रों से ज्यादा अपनी राजनीतिक जमीन की चिंता है।

विनोद पांडेय ने कहा कि जब सीबीआई जांच से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब मुख्य सचिव पर दबाव बनाने की कोशिश भाजपा की मंशा पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल में माहिर रही है और अब सीबीआई जांच की मांग की आड़ में कथित परीक्षा धांधली से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीआईडी लगातार कार्रवाई कर रही है और जांच आगे बढ़ने के साथ कथित धांधली से जुड़े लोगों पर शिकंजा कस रहा है। इसी कार्रवाई से भाजपा घबराई हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar