home page

पूर्व मंत्री मन्नान मलिक को कांग्रेस मुख्यालय में दी गई श्रद्धांजलि, नेताओं ने बताया जनसेवा को समर्पित जननेता

 | 
पूर्व मंत्री मन्नान मलिक को कांग्रेस मुख्यालय में दी गई श्रद्धांजलि, नेताओं ने बताया जनसेवा को समर्पित जननेता


रांची, 14 जुलाई। झारखंड के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक के पार्थिव शरीर को मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय लाया गया, जहां ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पार्टी की ओर से उनके पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का झंडा ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई।

श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मन्नान मलिक का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि मलिक ने अपना पूरा सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सद्भाव और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित किया। वे सादगीपूर्ण, मिलनसार और संघर्षशील जननेता थे, जिन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज बुलंद की। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मन्नान मलिक के निधन से पार्टी ने एक अनुभवी, समर्पित और कर्मठ नेता को खो दिया है। उनका सार्वजनिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि मन्नान मलिक का जीवन सादगी, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनके निधन से झारखंड की राजनीति ने एक अनुभवी और लोकप्रिय जननेता को खो दिया है।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि देने वालों में रविंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खलखो, महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, राजीव रंजन प्रसाद, सोनल शांति, उज्ज्वल तिवारी, अख्तर अली, मदन महतो, नीतू देवी सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मन्नान मलिक के पार्थिव शरीर को विधानसभा ले जाया गया। इसके पश्चात कांके रोड स्थित उनके आवास 'शौरभ कुंज अपार्टमेंट' में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, सतीश पॉल मुंजनी, राजीव रंजन प्रसाद, अख्तर अली, राजेश सिन्हा सन्नी सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak