home page

ऑपरेशन वज्र के तहत एक ही रात में 40 अपराधी गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन वज्र के तहत एक ही रात में 40 अपराधी गिरफ्तार


देवघर, 08 जून (हि.स.)। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में रविवार की मध्यरात्रि को जिलेभर में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्र’ चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य वांछित अपराधियों, फरार वारंटियों और विभिन्न मामलों में आरोपित होकर लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी था।

पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ही रात में 40 अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि 44 लंबित वारंटों का निष्पादन भी किया गया। अभियान में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 03 एसडीपीओ, 18 थाना प्रभारी, 58 पुलिस पदाधिकारी और 74 पुलिस जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान से अपराधियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को अपराध के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy