ऑपरेशन भरोसा के तहत पुलिस ने 59 लोगों का लौटाया मोबाइल फोन
रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले में आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन भरोसा' के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 59 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए। मंगलवार को उन मोबाइल को वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। इस दौरान उनके चेहरे में रामगढ़ पुलिस के प्रति बढ़ता भरोसा साफ दिखाई दिया।
एसपी के अनुसार गुम हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में दर्ज सनहा एवं सीआईईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर अभियान चलाया गया। इस दौरान रामगढ़ जिले के अलावा रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा समेत अन्य जिलों से कुल 59 मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल में रामगढ़ थाना से 09, रजरप्पा थाना से 08, पतरातू थाना से 06, मांडू थाना से 05, गोला थाना से 03, भुरकुंडा ओपी से 08, बरकाकाना ओपी से 01, बरलंगा थाना से 02, कुजू ओपी से 10 तथा वेस्ट बोकारो ओपी से 05 मोबाइल शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि 'ऑपरेशन भरोसा' के प्रथम चरण में 125 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। दूसरे चरण में 59 मोबाइल की बरामदगी के साथ अब तक अभियान के तहत कुल 184 गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थित आमजनों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही एआईईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस मौके पर रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम रजा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

