home page

एचईसी कर्मियों के लिए शुरू हाे पारस अस्पताल में नियमित ओपीडी सेवा : संघ

 | 
एचईसी कर्मियों के लिए शुरू हाे पारस अस्पताल में नियमित ओपीडी सेवा : संघ


रांची, 11 अगस्त (हि.स.)। एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने एचईसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (प्रभारी) को पत्र लिखकर पारस एचईसी अस्पताल में एचईसी के कर्मचारियों के लिए नियमित ओपीडी सेवा शुरू करने का अनुरोध किया।

पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में एचईसी कर्मचारियों को टाउनशिप अस्पताल के बाहर ओपीडी में इलाज कराने के लिए पहले अपनी जेब से भुगतान करना पड़ता है। इसके बाद कर्मचारियों को चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए दावा प्रस्तुत करना पड़ता है। इस प्रक्रिया से कर्मचारियों पर तत्काल आर्थिक बोझ पड़ता है और उन्हें प्रतिपूर्ति मिलने तक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग प्रतिपूर्ति दावों से प्रबंधन पर भी बोझ बढ़ता है।

महामंत्री ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने के लिए एचईसी प्रबंधन को पारस एचईसी अस्पताल के साथ समन्वय कर एकमुश्त बिलिंग व्यवस्था लागू करनी चाहिए।

इस व्यवस्था के तहत कर्मचारी पारस एचईसी अस्पताल में नियमित ओपीडी सेवा का लाभ उठा सकेंगे और अस्पताल प्रबंधन कर्मचारियों को उपलब्ध कराई गई सेवाओं का मासिक या तय अवधि के आधार पर एकमुश्त बिल एचईसी को प्रस्तुत कर सकेगा।

पत्र में कहा गया है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को इलाज के समय अपनी जेब से तत्काल भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। वहीं, एचईसी को सैकड़ों अलग-अलग चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के निबटारे की प्रक्रिया से भी राहत मिलेगी।

इसके अलावा, संस्थागत स्तर पर ओपीडी और जांच सेवाओं के लिए निर्धारित और रियायती दर पर तय कराकर एचईसी अपने चिकित्सा खर्च को भी नियंत्रित कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak