शिक्षित और संस्कारी युवा ही देश को बनाते हैं विकसित : बसंत
रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। रामगढ़ शहर के मारवाड़ी धर्मशाला में 16 वां मारवाड़ी प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मंगलवार को इस कार्यक्रम में उन युवाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया जिन्होंने समाज और देश के विकास के गति को तेज करने के लिए अपना योगदान दिया है। इस मौके पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन और अग्रसेन फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थेे।
मानद सचिव प्रभात कुमार अग्रवाल और संयुक्त सचिव उमेश राजगढ़िया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि और मंच के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
मौके पर मुख्य अतिथि बसंत कुमार मित्तल ने कहा कि रामगढ़ मेरी जन्मभूमि है। यहां आकर मुझे नई ऊर्जा मिलती है। मारवाड़ी प्रतिभा सम्मान मंच समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित कर एक अनुकरणीय कार्य कर रहा है, जिससे अन्य युवा भी प्रेरणा लेंगे। उपाध्यक्ष गोविंद लाल अग्रवाल ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति में शिक्षित एवं संस्कारवान युवाओं की भूमिका सर्वोपरि होती है। अध्यक्ष डॉ एके बरेलिया ने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करना समाज का परम दायित्व है। यह उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
संस्थापक अध्यक्ष सुरेश पी अग्रवाल ने बताया कि मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देते हुए युवाओं को उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना ही इस समारोह का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को शॉल ओढ़ाकर और श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं श्री मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर और धर्मशाला संस्था के अध्यक्ष बिमल बुधिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्याम सुंदर परसुरामपुरिया, सुरेश बगडिया, ललित जैन, महेश बंसल, मुरारी लाल अग्रवाल, रोहित पंसारी, उपकार अग्रवाल, श्रृंजय मेवाड़, प्रिंस अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, सुनील गोयल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

