टीबी उन्मूलन अभियान के तहत रांची में 3,110 लोगों की जांच
रांची, 16 जून (हि.स.)। भारत सरकार के 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के तहत रांची जिले में क्षय रोग (टीबी) की सक्रिय खोज और जांच अभियान के तहत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायतों, जेलों एवं शहरी क्षेत्रों में अब तक 3,110 लोगों की जांच की जा चुकी है।
इस संंबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और टीबी मुक्त रांची एवं टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। अभियान 30 जून तक जारी रहेगा।
विभाग की ओर से बताया गया कि अभियान का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की जल्द पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर और विभिन्न केंद्रों पर टीबी के लक्षण वाले लोगों और संवेदनशील वर्गों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। जांच के दौरान संदिग्ध मरीजों के बलगम सहित अन्य आवश्यक परीक्षण भी कराए जा रहे हैं।
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ एस बास्की ने कहा कि टीबी एक संक्रामक लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बलगम में खून, लगातार बुखार, रात में पसीना आना, वजन घटना, भूख कम लगना और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच करानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

