प्रणामी मंदिर में जन्माष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड
रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। परमहंस सदानंद महाराज के सानिध्य और प्रणामी ट्रस्ट के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित समारोह में ट्रस्ट के अनुसार हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए।
इस अवसर पर जन्माष्टमी पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। वृंदावन से मंगाए गए जड़ित आभूषणों और आकर्षक वस्त्रों से भगवान को सजाया गया। विशेष रूप से सजाए गए झूलन में विभिन्न रंगों के वस्त्रों में लड्डू गोपाल विराजमान रहे। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था।
धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सुबह 5.30 बजे मंगला आरती से हुई। श्रृंगार आरती और थाल भोग अर्पित किया गया। मंदिर आचार्य अरविंद पांडेय ने पूजन-अर्चना संपन्न कराई। भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
कोलकाता से आई कलाकारों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। शाम सात बजे मनीष सोनी और जागरण मंडली ने भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय कर दिया। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म पर विशेष आरती हुई और मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा।
जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

