नदी में नहाने के दौरान किशोर लापता, तेज बहाव के कारण खोजबीन में परेशानी
गोड्डा, 05 सितंबर (हि.स.)। झारखंड-बिहार सीमा पर बहने वाली गेरुआ नदी में शनिवार को एक हादसा हो गया। हनवारा थाना क्षेत्र के विश्वासखानी गांव के समीप नदी में नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। लापता किशोर की पहचान बसंतराय थाना क्षेत्र के गोरगवां गांव निवासी भारत मंडल के 15 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों, परिजनों और पुलिस की मदद से नदी में व्यापक स्तर पर खोजबीन की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार, गोड्डा जिले में पिछले पांच-छह दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियां और जलस्रोत उफान पर हैं। झारखंड और बिहार की सीमा को जोड़ने वाली गेरुआ नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है और नदी में पानी का बहाव अत्यंत तेज हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को सोनू कुमार विश्वासखानी गांव के समीप नदी किनारे गया था। कुछ लोगों ने उसे नदी में नहाते हुए भी देखा था। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।
किशोर के अचानक नदी में डूबने की सूचना मिलते ही नदी किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते घटना की खबर आसपास के गांवों में फैल गई और गोरगवां, विश्वासखानी सहित कई गांवों से सैकड़ों ग्रामीण नदी किनारे जुट गए।
सूचना मिलने पर सोनू कुमार के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के सहयोग से नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन नदी की तेज धारा राहत कार्य में बड़ी बाधा बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज अभियान शुरू कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महागामा अंचलाधिकारी खगेन महतो को भी जानकारी दी गई। अंचलाधिकारी ने त्वरित पहल करते हुए एनडीआरएफ की टीम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए पत्राचार किया है, ताकि विशेषज्ञ टीम आधुनिक उपकरणों के साथ किशोर की तलाश कर सके।
इस घटना के बाद गोरगवां गांव में मातम का माहौल है। सोनू कुमार के माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द एनडीआरएफ टीम भेजकर खोज अभियान तेज करने की मांग की है।
लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनती नदियों और गहरे जलस्रोतों के पास जाने से बचें और विशेष रूप से बच्चों को नदी में नहाने या खेलने के लिए न जाने दें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

