बोकारो ट्रेजरी से फर्जी निकासी मामले में सिपाही काजल मंडल को सीआईडी ने किया गिरफ्तार
रांची, 01 मई (हि.स.)। झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने बोकारो ट्रेजरी से फर्जी वेतन निकासी मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
झारखंड सरकार के आदेश पर बोकारो कोषागार से अवैध राशि निकासी से संबंधित मामले का अनुसंधान अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) कर रही है।
मामले के प्रभावी एवं गहन अनुसंधान के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी ने एक आरोपित काजल मंडल को गिरफ्तार किया है, जो बोकारो जिला में आरक्षी के पद पर है एवं बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लेखा शाखा में प्रतिनियुक्त था।
इस मामले में पूर्व से गिरफ्तार मुख्य आरोपित लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय का सहयोगी था। आरोपित कौशल कुमार पाण्डेय के खाता से भेजी गयी एवं यात्रा मद से प्राप्त राशि में से 8.75 लाख निकासी की गई । आरोपित काजल मंडल के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इनके बोकारो स्थित घर से बरामद किया गया।
पूर्व में इस मामले में मुख्य आरोपित कौशल कुमार पाण्डेय (लेखापाल) , सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह (गृहरक्षक याहिनी) एवं एएसआई अशोक कुमार भंडारी (लेखा शाखा) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
अबतक कुल बरामदगी और जब्ती
- तेलीडीह, बोकारो स्थित 04.08 डिसमिल भूमि से संबंधित पेपर ।
- उक्त भूमि पर निर्मित तीन तल्ला मकान ।
- तेलीडीह में ही स्थित अन्य 04.98 डिसमिल भूमि से संबंधित पेपर ।
- विभिन्न बैंको में हस्तांतरित 01 करोड़ 83 लाख तथा 18 लाख रूपये के फिक्स्ड डिपॉजिट को फ्रिज (सीज)किया गया है।
- नगद 8.75 लाख रूपये विधिवत ज़ब्ती बनाते हुए जब्त किया गया।
दूसरी ओर बोकारो ट्रेजरी घोटाले की जांच कर रही सीआईडी को एक गवाह मिल गया है। सीआईडी ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में तैनात जिस पुलिसकर्मी काजल मंडल को हिरासत में लिया था, वह मामले में गवाह बनेगा। सीआईडी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि काजल मंडल ने पूछताछ में अहम जानकारी दी है, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

