home page

संगठित पशु चोर गिरोह का एक आरोपित गिरफ्तार, स्कॉर्पियो सहित पांच मवेशी बरामद

 | 
संगठित पशु चोर गिरोह का एक आरोपित गिरफ्तार, स्कॉर्पियो सहित पांच मवेशी बरामद


रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। रांची पुलिस ने पशुओं की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चोरी किए गए पांच गोवंशीय पशु, एक स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन बरामद की है। मामले में अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 25-26 जुलाई की दरमियानी रात करीब ०1 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नामकुम थाना क्षेत्र के राजा उल्लातु स्थित परताडीह टोला के पास गोवंशीय पशुओं की चोरी कर उन्हें वाहन में लोड कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सात-आठ लोग एक काले रंग की स्कॉर्पियो में पशुओं को लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी आरोपित वाहन और पशुओं को छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस ने एक आरोपित तबरेज अंसारी को धर-दबोचा जो पिठौरिया थाना क्षेत्र के काटमकुली का निवासी है।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ रांची के ग्रामीण इलाकों से गाय, बैल, बछड़ा और बकरी की चोरी कर उन्हें ले जाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर तीन बछड़े, एक बैल और एक गाय के अलावा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तीन प्लास्टिक की रस्सियां जब्त की हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे