home page

यूपीएससी की तर्ज पर सरकार मेधावी छात्रों के लिए करे प्रतिभा सेतु का गठन : संजय

 | 
यूपीएससी की तर्ज पर सरकार मेधावी छात्रों के लिए करे प्रतिभा सेतु का गठन : संजय


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)। आजसू के महासचिव और संजय मेहता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर प्रतिभा सेतु का निर्माण करने का सुझाव दिया है। इससे पूर्व भी यह सुझाव दिया गया था, लेकिन पीटी की परीक्षा समाप्त होने के बाद पुनः एक रिमाइंडर सरकार को भेजा गया है।

पत्र में उन्होंने लिखा है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से शुरू की गई प्रतिभा सेतु का उल्लेख किया है।

यूपीएससी ने अपनी प्रतिभा सेतु पहल को 2018 में शुरू किया है जिसे पहले पब्लिक डिस्क्लोजर स्कीम (पीडीएस) के नाम से जाना जाता था। यह एक डिजिटल मंच है जो उन अभ्यर्थियों की प्रोफाइल को सार्वजनिक करता है जो यूपीएससी की कठिनतम परीक्षाओं के सभी चरणों में सफल रहे। लेकिन अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं बना पाए। यूपीएससी इस डेटाबेस को केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी निकायों और पंजीकृत निजी कंपनियों को लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से उपलब्ध कराता है।

इसके बाद वे इन प्रतिभाशाली उम्मीदवारों तक पहुंच बनाकर उन्हें अवसर देते हैं।

इसी तर्ज पर संजय मेहता ने जेपीएससी प्रतिभा सेतु का गठन करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया है। यह पहल उन मेधावी अभ्यर्थियों को समर्पित होगी जो जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा या अन्य परीक्षा के सभी चरणों तक पहुंचे हों। प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार तक पहुंचने में अभ्यर्थी काफ़ी मेहनत करते हैं। कई अभ्यर्थी सिर्फ़ कुछ अंकों से अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं बना पाते हैं। कुछ अंकों से चयन नहीं होने पर अभ्यर्थी काफ़ी मानसिक दबाव में होते हैं। उनके पास पुनः तैयारी का विकल्प तो है लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों के लिए एक वैकल्पिक रास्ता हमें उपलब्ध कराना चाहिए।

इसी संदर्भ में उन्होंने लिखा है कि इन प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के अन्य प्रशासनिक या गैर-प्रशासनिक पदों, निजी क्षेत्र की कंपनियों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में नियुक्ति का अवसर देकर हम उनकी क्षमता का उपयोग झारखंड के प्रशासनिक और विकास कार्यों में कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak