home page

पुराना ट्रेजरी घोटाला पूर्ववर्ती सरकार की देन : विनोद

 | 
पुराना ट्रेजरी घोटाला पूर्ववर्ती सरकार की देन : विनोद


रांची, 10 अप्रैल (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि ट्रेजरी से अवैध निकासी का मामला कोई नया नहीं है, बल्कि यह मामला 14 साल पुराना है और पूर्ववर्ती सरकार की देन है। इसकी जड़ें भाजपा की रघुवर सरकार के कार्यकाल से जुड़ी हुई हैं। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि आज जो मुद्दा भाजपा उठा रही है, वह वास्तव में उसी व्यवस्था की देन है जिसे उनके शासनकाल में पनपने दिया गया। उस समय न तो पारदर्शिता थी और न ही जवाबदेही सुनिश्चित की गई। इसका परिणाम आज सामने आ रहा है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार जीरो टॉलरेंस टू करप्शन की नीति पर पूरी सख्ती से काम कर रही है। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई है। लगातार की जा रही कार्रवाई यह दर्शाता है कि वर्तमान में हेमंत सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका यह राजनीतिक दांव उल्टा पड़ गया है। जिस मुद्दे को भाजपा सरकार के खिलाफ हथियार बनाना चाह रही थी वही अपने शासनकाल की खामियों को उजागर कर रही है। भाजपा की कार्य संस्कृति का पटाक्षेप हेमंत सरकार ने किया है। पूरे मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। कानून अपना काम करेगा और सच्चाई पूरी तरह सामने लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar