मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर जुपमी भवन में श्रद्धांजलि सभा, अधिकारियों-कर्मियों ने किया नमन
रांची, 08 सितंबर (हि.स.)। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को रांची स्मार्ट सिटी परिसर स्थित जुपमी भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को याद किया।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक सह रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सूरज कुमार ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के मार्गदर्शन में किए गए कार्य और राज्य के शहरों को सुव्यवस्थित करने की उनकी परिकल्पना को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में सुदिव्य कुमार सदैव जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे।
सूरज कुमार ने कर्मचारियों से भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने किसी तरह की परेशानी होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की भी सलाह दी।
श्रद्धांजलि सभा में नैंसी सहाय, अनन्य मित्तल, सूरज कुमार, सुमित कुमार, अभिलाषा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

