home page

रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में नीलाम पत्र वाद और एनपीए खातों की हुई समीक्षा, वसूली प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

 | 
रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में नीलाम पत्र वाद और एनपीए खातों की हुई समीक्षा, वसूली प्रक्रिया तेज करने के निर्देश


रामगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में सोमवार को नीलाम पत्र वाद और एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) खातों से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) मो. तौफीकुल हसन ने की। इस दौरान लंबित मामलों के निष्पादन और बकाया राशि की वसूली को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में विशेष रूप से एनपीए खातों से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। न्यायालय ने उपस्थित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को अद्यतन आंकड़ों से संबंधित रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि लंबित मामलों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और आगे की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जा सके।

समीक्षा के दौरान लंबित नीलाम पत्र वादों की निष्पादन प्रगति और एनपीए खातों की वसूली से संबंधित कार्यों पर गंभीर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि कई मामलों में देरी के कारण सरकारी राजस्व प्रभावित हो रहा है, इसलिए इन मामलों का त्वरित निष्पादन अत्यंत आवश्यक है।

न्यायालय की ओर से सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने संस्थानों से संबंधित लंबित मामलों की अधिकतम जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं। साथ ही वसूली प्रक्रिया को तेज करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएं, ताकि राजस्व हानि को रोका जा सके।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सरकारी राजस्व की वसूली और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए नीलाम पत्र वादों का शीघ्र निष्पादन जरूरी है। इसके साथ ही एनपीए खातों की प्रभावी वसूली के लिए बैंक और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय और सतत संवाद को भी आवश्यक बताया गया।

अधिकारियों ने कहा कि यदि बैंक समय पर आवश्यक दस्तावेज और आंकड़े उपलब्ध कराएं, तो न्यायालय और प्रशासन की कार्रवाई अधिक तेज और परिणामकारी हो सकती है। इससे न केवल लंबित मामलों में कमी आएगी, बल्कि वित्तीय प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

बैठक में उपमंडल अधिकारी अंबिका कुमारी, खान उपनिदेशक गोपाल कुमार दास, रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास, दुलमी अंचल अधिकारी किशोरी यादव, चितरपुर अंचल अधिकारी दीपक मिंज, मांडू अंचल अधिकारी के प्रतिनिधि सीताराम महतो सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश