राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने सरकारी अधिसूचना का फूंका पुतला
रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की ओर से जाति जनगणना में अलग ओबीसी कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर शनिवार को जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला गया।
मार्च के बाद अल्बर्ट एक्का चौक पर सरकारी अधिसूचना का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ओबीसी की गिनती नहीं करना देश को कमजोर करने के समान है। देश की बड़ी आबादी की शिक्षा, रोजगार, गरीबी, छात्रवृत्ति और आरक्षण की वास्तविक स्थिति का आकलन सही आंकड़ों के बिना संभव नहीं है। उन्होंने जाति जनगणना में अलग ओबीसी कॉलम की मांग को स्वीकार करने की अपील की।
मौके पर वरीय उपाध्यक्ष आजम अहमद ने कहा कि ओबीसी आबादी की सही संख्या सामने आने से शिक्षा, रोजगार, बजट और सरकारी योजनाओं में प्रतिनिधित्व की स्थिति का आकलन किया जा सकेगा। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश प्रसाद ने कहा कि सही आंकड़े जरूरत के अनुरूप बजट और योजनाओं की जवाबदेही तय करने का आधार बनेंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि पिछड़े समुदायों की क्षमता का पूरा उपयोग किए बिना देश की समृद्धि संभव नहीं है। महिला मोर्चा अध्यक्ष उर्मिला यादव ने कहा कि जाति जनगणना से ओबीसी महिलाओं की शिक्षा और आर्थिक स्थिति से जुड़ी वास्तविक जानकारी सामने आएगी।
छात्र मोर्चा अध्यक्ष रवि कुमार प्रजापति ने कहा कि छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर छात्र-युवा लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेंगे।
कार्यक्रम में रमेश साहू, सिद्धनाथ सिंह, सचिंद्र यादव, रविंद्र लाल यादव, निलेश प्रसाद, काशी अग्रवाल और रामावतार कश्यप सहित मोर्चा के अन्य, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

