home page

झारखंड के केवल सात जिलों में सामान्य बारिश, छह जिलों में 40 से 60 प्रतिशत तक वर्षा की कमी

 | 
झारखंड के केवल सात जिलों में सामान्य बारिश, छह जिलों में 40 से 60 प्रतिशत तक वर्षा की कमी


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में मानसून की रफ्तार अब भी असमान बनी हुई है। राज्य के 24 जिलों में से अब तक केवल सात जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की गई है, जबकि छह जिलों में बारिश की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। इन जिलों में सामान्य से 40 से 60 प्रतिशत तक कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, साहिबगंज, दुमका और धनबाद ऐसे जिले हैं, जहां अब तक सामान्य वर्षा दर्ज की गई है। विभाग के मानकों के अनुसार सामान्य से 20 प्रतिशत तक कम वर्षा को सामान्य श्रेणी में माना जाता है।

इसके विपरीत गढ़वा, चतरा, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और कोडरमा में वर्षा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन जिलों में सामान्य से 40 से 60 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कृषि गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में 167.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं सर्वाधिक तापमान सरायकेला में 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे तथा हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। हालांकि जिन जिलों में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है, वहां मानसून की सक्रियता बढ़ने का इंतजार बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak