home page

दुकानों की वैधता के दस्तावेज सत्यापन में नहीं पहुंचा कोई दावेदार

 | 
दुकानों की वैधता के दस्तावेज सत्यापन में नहीं पहुंचा कोई दावेदार


रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से एमएस वार्ड संख्या-04 अंतर्गत प्लॉट संख्या एमएस-1610, रकबा 193 कड़ी पर निर्मित दुकानों के वैध आवंटन संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन के लिए निर्धारित तिथि पर कोई भी दावेदार उपस्थित नहीं हुआ।

निगम ने 21 सितंबर काे पत्र जारी कर सभी संबंधित दुकानदारों को 24 सितंबर को निगम सभागार में अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा था। यह जानकारी गुरूवार को निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही गई।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि निर्धारित समयावधि समाप्त होने तक किसी भी व्यक्ति या दावेदार ने निगम कार्यालय में उपस्थित होकर दुकान के वैध आवंटन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। निगम के अनुसार उपलब्ध अभिलेखों और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर उक्त स्थल पर निर्मित दुकानों या अन्य संरचनाओं के संबंध में किसी वैध दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है।

नगर निगम ने बताया कि अब उक्त स्थल पर निर्मित अनधिकृत संरचनाओं को हटाकर निगम की स्वामित्व वाली भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने के बाद स्थल का उपयोग क्षेत्रवासियों की जनसुविधा और सार्वजनिक हित में किया जाएगा। इसके तहत वार्ड कार्यालय, सामुदायिक भवन और हेल्थ सेंटर जैसे जनोपयोगी संस्थानों के निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

निगम ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमणमुक्ति अभियान के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने, कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने या विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar