सीसीएल एनके क्षेत्र में अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन
रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एनके क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ।
दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भजन, गजल, रवींद्र संगीत, नजरुल गीत, भारतीय लोकगीत, कथक, ओडिसी, कव्वाली, ध्रुपद, खयाल और ठुमरी समेत विभिन्न विधाओं में प्रस्तुतियां दीं।
इसके अलावा बांसुरी, वायलिन, माउथ ऑर्गन, गिटार, बैंजो वादन, लोकनृत्य और ऑर्केस्ट्रा ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि कला और संस्कृति हमारी परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोने के सशक्त माध्यम हैं। कोयला उद्योग जैसे क्षेत्र में ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
साथ ही आपसी जुड़ाव, सहयोग और टीम भावना भी मजबूत होती है। प्रतियोगिता में एनके क्षेत्र ने प्रथम, पिपरवार क्षेत्र ने द्वितीय और हजारीबाग क्षेत्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 28 सितंबर 2026 को एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ कुमार तिवारी ने किया।
समापन समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, सीसीएल के मैनेजर (स्पोर्ट्स) आदिल हुसैन, वरीय अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

