रांची में नौ पूजा पंडालों का खुला पट, मां भवानी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)। रांची में बुधवार को नौ प्रमुख पूजा पंडालों का पट आम लोगों के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही मां दुर्गा के दशर्न के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। राजधानी रांची जिन पूजा पंडालों का पट खोला गया उनमें श्री राम लला पूजा समिति, जिला स्कूल मैदान, भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, मेन रोड, राजस्थान मित्र मंडल, सेवा सदन पथ, बड़ा तालाब, गीतांजलि क्लब, मोरहाबादी, रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति, ज्योति संगम दुर्गा पूजा समिति, बालकृष्ण स्कूल, अपर बाजार, ओसीसी क्लब तथा पूजा कमेटी, बांग्ला स्कूल, त्रिकोण हवन कुंड दुर्गा पूजा समिति शामिल हैं।
श्री रामलला पूजा समिति के पूजा पंडाल का राज्यपाल ने किया उद्घाटन
श्री रामलला पूजा समिति के पूजा पंडाल का राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान मां के दरबार में नौ कन्याओं का पूजन कर अतिथियों ने नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पंडाल के पट खोल दिए गए। मां के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। माँ दुर्गा शक्ति, साहस और करुणा की प्रतीक हैं। यह पर्व बुराई पर अच्छाई तथा अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देने के साथ सभी को सत्य के मार्ग पर चलने और कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देता है।
श्री रामलला पूजा समिति की ओर से जिला स्कूल परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल के उद्घाटन के बाद राज्यपाल बोल रहे थे। यह पंडाल वाराणसी स्थित सर्ववेद महामंदिर धाम के प्रारूप पर आधारित है।
राज्यपाल ने नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना नारी शक्ति के प्रति हमारी श्रद्धा और सम्मान को भी अभिव्यक्त करती है। महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण समाज की प्रगति के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास करना चाहिए, जहां प्रत्येक बेटी को अपनी प्रतिभा विकसित करने तथा जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाते हैं, आपसी मेल-जोल बढ़ाते हैं और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं गौरव का विषय हैं। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने मां दुर्गा से सभी को शक्ति, सद्बुद्धि और सेवा-भाव प्रदान करने तथा झारखण्ड सहित पूरे देश में शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उद्घाटन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ महापौर रोशनी खलखो, सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, उपमहापौर नीरज कुमार, रवींद्र राय सहित अन्य मौजूद थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदिय साहू ने चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह एवं चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे। पंडाल का पट खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उद्घाटन कार्यक्रम के तहत कोलकाता और स्थानीय कलाकारों के जरिये शहर वासियों के बीच धार्मिक सांस्कृतिक भजन संध्या की प्रस्तुति पेश की गई।
उपायुक्त ने भारतीय युवक संघ के पंडाल का किया उद्घाटन
भारतीय युवक संघ की ओर से बनाये पंडाल का उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पट आम लोगों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
उपयुक्त ने संघ के सदस्यों के साथ विधिवत पूजन किया । इसके बाद महिषासुर मर्दिनी मंत्र का उच्चारण करते हुए पंडाल स्थल में मां की प्रतिमा समक्ष दीप प्रज्वलन किया।
इस दौरान दक्षिण भारत से बुलाए गए उत्कृष्ट कलाकारों की ओर से कथ्थकली नृत्य का प्रदर्शन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

