जेंडर आधारित हिंसा पर एनएचएम की कार्यशाला 11 को
रांची, 10 सितंबर (हि.स.)।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड की ओर से जेंडर संवेदनशीलता और महिला सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को आईपीएच कॉन्फ्रेंस हॉल रांची में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आयोजित किया जाएगा।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और जेंडर आधारित हिंसा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। यह जानकारी गुरूवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम 2013 के तहत एनएचएम झारखंड मुख्यालय की आंतरिक शिकायत समिति का पुनर्गठन किया गया है जिसके तहत डॉ पुष्पा को समिति का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही पॉश अधिनियम के तहत शिकायतों के ऑनलाइन संकलन और निष्पादन के लिए विकसित शी-बॉक्स पोर्टल की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि पुनर्गठित समिति में राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ कमलेश कुमार, राज्य कार्यक्रम प्रबंधक अनिमा किस्कु, राज्य कार्यक्रम समन्वयक अकय मिंज और राज्य समन्वयक रफत फरजाना सहित यूनिसेफ और आईसीआरडब्ल्यू के प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है।
कार्यशाला में एनएचएम के सभी राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, कोषांग प्रभारी, राज्य परामर्शी, समन्वयक और कार्यकारी सहायक शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

