रांची में नए ग्रामीण एसपी के रूप में गौरव गोस्वामी ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में नए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी रूरल) के रूप में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी गौरव गोस्वामी ने शनिवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वे पतरातू में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के पद पर कार्यरत थे।
शनिवार को समाहरणालय स्थित ग्रामीण एसपी कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद गोस्वामी ने कहा कि रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली आपराधिक घटनाओं का गहन विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर अपराध के हॉटस्पॉट चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीण इलाकों को अपराध मुक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि राजधानी के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध के ग्राफ का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। बेहतर पुलिसिंग के लिए यह जरूरी है कि शहरी के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो।
गौरव गोस्वामी ने यह भी कहा कि पूर्व ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और पुलिसिंग को और सशक्त बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार देर रात झारखंड पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया, जिसमें एक साथ 46 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया। इसी क्रम में रांची के पूर्व ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर को देवघर का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

