देवघर एयरपोर्ट पर नई पार्किंग नीति लागू, ड्रॉप-ऑफ पूरी तरह मुफ्त
देवघर, 05 नवंबर (हि.स.)। देवघर हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुविधा और परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से नई पार्किंग नीति के तहत संशोधित दिशा-निर्देश लागू कर दिए गए हैं। नई व्यवस्था के अनुसार अब एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने (ड्रॉप-ऑफ) के लिए किसी भी श्रेणी के वाहन से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, यात्रियों को लेने (पिक-अप) के लिए आने वाले वाणिज्यिक वाहनों को 80 शुल्क देना होगा। निजी वाहनों को पिक-अप शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
नई नीति के तहत पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन में वाहनों के रुकने की अधिकतम अवधि पांच मिनट निर्धारित की गई है। निर्धारित समय से अधिक वाहन खड़ा करने या लेन से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालकों को 500 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
वहीं, निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने वाले वाहनों से उनकी श्रेणी और पार्किंग की अवधि के अनुसार स्वीकृत दरों पर शुल्क लिया जाएगा। पार्किंग के लिए निर्धारित सभी दरों में जीएसटी शामिल रहेगा।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने यात्रियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से नई पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन में अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से बचें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
प्रबंधन के अनुसार, नई व्यवस्था का उद्देश्य एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक जाम को रोकना, यात्रियों के आवागमन को आसान बनाना और पार्किंग व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करना है। इसके सफल क्रियान्वयन में आम नागरिकों एवं वाहन चालकों का सहयोग महत्वपूर्ण होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

