home page

नए इनकम टैक्स एक्ट से करदाताओं के लिए बनाई जा रही प्रक्रियाएं अधिक सरल : आयकर आयुक्त

 | 
नए इनकम टैक्स एक्ट से करदाताओं के लिए बनाई जा रही प्रक्रियाएं अधिक सरल : आयकर आयुक्त


रांची, 24 अप्रैल (हि.स.)। मेंबर्स इन इंडस्ट्री एंड बिजनेस कमिटी ऑफ दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ़ इंडिया नई दिल्ली की ओर से इनकम टैक्स एक्ट 2025 पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन रांची के रैडिशन ब्लू होटल में शुक्रवार को किया गया।

सेमिनार का उदघाटन मुख्य अतिथि राजेश झा, आईआरएस, मुख्य आयकर आयुक्त, रांची ने किया।

मुख्य अतिथि राजेश झा, आईआरएस, मुख्य आयकर आयुक्त ने कर प्रणाली में पारदर्शिता और अनुपालन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नए इनकम टैक्स एक्ट के माध्यम से करदाताओं के लिए प्रक्रियाएं अधिक सरल और प्रभावी बनाई जा रही हैं। उन्होंने उपस्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से अपील की कि वे करदाताओं को सही मार्गदर्शन देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

सेमिनार और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा रही : सीए अनुज

इस अवसर पर इंस्टिट्यूट के सेंट्रल कौंसिल सदस्य और मेंबर्स इन इंडस्ट्री एंड बिज़नेस कमिटी के अध्यक्ष सीए (डॉ) अनुज गोयल ने समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कमिटी उद्योग में कार्यरत सीए सदस्यों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा रही है। इसके माध्यम से सदस्यों की पेशेवर दक्षता और नेतृत्व क्षमता का विकास किया जा रहा है। उन्होंने उद्योग जगत और आईसीएआई के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी साझा किया।

सेमिनार के पहले तकनिकी सत्र को संबोधित करते हुए नई दिल्ली के प्रत्यक्ष कर के विशेषज्ञ सीए अविनाश गुप्ता ने इनकम टैक्स रूल – 2025 विषय पर चर्चा करते हुए व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जटिल प्रावधानों को स्पष्ट किया।

उन्होंने बताया कि आयकर नियम 2025 का मुख्य उद्देश्य कर प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाना है। इसमें करदाताओं के लिए रिटर्न फाइलिंग प्रक्रिया को आसान किया गया है और ऑनलाइन माध्यम को प्राथमिकता दी गई है। नए नियमों के तहत विभिन्न छूटों और कटौतियों को पुनर्गठित कर स्पष्टता प्रदान की गई है। साथ ही, कर चोरी पर नियंत्रण के लिए सख्त प्रावधान और डेटा विश्लेषण का उपयोग बढ़ाया गया है। यह नियम कर अनुपालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दूसरे सत्र में विशेषज्ञ सीए पुरुषोत्तम प्रसाद सिंह ने इनकम टैक्स एक्ट 2025 – एक महत्वपूर्ण बदलाव विषय पर बताया कि यह अधिनियम कर प्रणाली में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन लाने वाला है और इससे कर संरचना में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। दोनों विशेषज्ञों ने उपस्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के इनकम टैक्स एक्ट 2025 से सम्बंधित प्रश्नों का जवाब भी दिया।

सेमिनार के शुरुआत में रांची शाखा अध्यक्ष सीए अनिश जैन ने कहा कि यह सेमिनार कराधान से जुड़े नवीनतम प्रावधानों, परिवर्तनों और उनके व्यावहारिक प्रभावों को समझने और हम पेशेवरों को अद्यतन रखने में अत्यंत सहायक होगा। कार्यक्रम में कई लाेग माैजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak