home page

चुट्टूपालू घाटी में होगी नेटवर्क कनेक्टिविटी, डीसी ने दिया आदेश

 | 
चुट्टूपालू घाटी में होगी नेटवर्क कनेक्टिविटी, डीसी ने दिया आदेश


चुट्टूपालू घाटी में होगी नेटवर्क कनेक्टिविटी, डीसी ने दिया आदेश


रामगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में अब मोबाइल का पूरा नेटवर्क मिलेगा। जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार को रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने चुट्टूपालू घाटी क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या को दूर करने और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत और बचाव कार्य करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि चुट्टूपालू घाटी में मोबाइल टावर नहीं होने के कारण नेटवर्क सेवा बाधित रहती है। इसके कारण दुर्घटना होने पर आपातकालीन सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस, पुलिस बल और राहत टीम) को समय पर सूचना देने में अत्यधिक कठिनाई होती है। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाने के लिए डीसी ऋतुराज ने जियो की टेक्निकल टीम को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जीओ कंपनी घाटी क्षेत्र में नया टावर लगाने के लिए उपयुक्त स्थल का सर्वे कर शीघ्र एक विस्तृत प्रस्ताव दे। ताकि बिना किसी विलंब के टावर लगाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान नेटवर्क कनेक्टिविटी स्थापित करने के साथ-साथ घाटी में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान और अन्य सुरक्षा उपायों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।

मौके पर मुख्य रूप से डीएफओ नीतीश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, डीपीओ, यूआईडी आरती पंकज, अंचल अधिकारी रमेश रविदास, जियो की तकनीकी टीम और जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश