home page

भतीजा ने की कुल्हाड़ी से मारकर चाचा की हत्या, गिरफ्तार

 | 
भतीजा ने की कुल्हाड़ी से मारकर चाचा की हत्या, गिरफ्तार


दुमका, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के टोंगरा थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव में मामूली विवाद में एक सहोदर भतीजे ने अपने ही चाचा की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मंगल पुजहर के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक की बेटी पूजा देहरी के बयान पर टोंगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित भतीजा सुभाष पुजहर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मंगल पुजहर जंगल से लकड़ी काटकर घर लौटे थे। इसी दौरान उनका भतीजा सुभाष पुजहर अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। मंगल पुजहर ने इसका विरोध किया। जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि सुभाष ने कुल्हाड़ी उठाकर मंगल पर हमला कर दिया। हमले में मंगल पुजहर के पैर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजन उन्हें तत्काल रानीश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें पश्चिम बंगाल के सिउड़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अधिक खून बह जाने के कारण गुरुवार सुबह मंगल पुजहर की मौत हो गई।

मृतका की बेटी पूजा देहरी के लिखित आवेदन पर टोंगरा थाना प्रभारी गुरूचरण मांझी ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार