एनसीसी युवा आपदा मित्रा योजना प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
देवघर, 21 मई (हि.स.)। एनसीसी झारखंड और बिहार निदेशालय, पटना एवं एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 36 झारखंड बटालियन एनसीसी धनबाद के तत्वावधान में देवघर कॉलेज में 10 दिवसीय एनसीसी युवा आपदा मित्रा योजना प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर 18 मई से 27 मई 2026 तक संचालित होगा।
इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों के कुल 391 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं। इनमें देवघर जिले से 200, दुमका जिले से 135 और गिरिडीह जिले से 56 एनसीसी कैडेट उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेटों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, बचाव तकनीक, आपातकालीन प्रक्रिया, भीड़ प्रबंधन, संचार व्यवस्था एवं सामुदायिक सहायता से संबंधित विशेष प्रशिक्षण एसडीआरएफ टीम दे रही है। यह प्रशिक्षण न केवल कैडेटों के कौशल को विकसित करेगा, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम वर्क एवं आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करेगा।
कैंंप कमांडेंट कर्नल संजय कंडवाल (सेना मेडल) ने उद्घाटन संबोधन में कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदाएं केवल व्यवस्थाओं की नहीं, बल्कि मानवता की भी परीक्षा लेती हैं। यहां प्राप्त आपका प्रशिक्षण किसी दिन लोगों की जान बचाने, परिवारों को सहारा देने और संकट के समय आशा की किरण बनने में सहायक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि आप केवल एक शिविर के प्रतिभागी नहीं हैं, बल्कि भविष्य के प्रथम प्रतिक्रिया दल, समाज के रक्षक और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक हैं। उन्होंने कैडेटों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी प्रत्येक सत्र में सक्रिय रूप से भाग लें, अनुशासन बनाए रखें और पूरी लगन से सीखें, ताकि यह प्रशिक्षण शिविर उत्साह एवं समर्पण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
शिविर के संचालन में सूबेदार मेजर अजय कुमार, एएनओ मेजर राजेश कुमार सिंह, रणजीत सिंह, जीसीआई अस्मिता जैन, प्रियंका सिंह और अन्य पीआई स्टाफ अनुशासन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

