टीबी मुक्त भारत अभियान में एनसीसी कैडेट करेंगे सहयोग : अभियान निदेशक
रांची, 18 सितंबर (हि.स.)।
राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को आईपीएच, नामकुम में एनसीसी कैडेटों के लिए टीबी मुक्त भारत अभियान पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कई एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि टीबी के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने, स्क्रीनिंग बढ़ाने और संभावित मरीजों की समय पर जांच कर उपचार शुरू करना जरूरी है। टीबी मुक्त भारत अभियान में एनसीसी कैडेट सहयोग विभाग को हर संभव सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट जिला, प्रखंड और गांव स्तर तक पहुंच रखते हैं, इसलिए वे टीबी उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने कैडेटों से टीबी मरीजों को गोद लेकर सामाजिक और मनोवैज्ञानिक सहयोग देने का आग्रह किया। एनसीसी हेडक्वार्टर रांची के कर्नल रोहित ने कहा कि राज्य के सभी कैडेट टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी एनसीसी की ओर से टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कर्नल अनुराग सिंह ने रांची डिवीजन की ओर से टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया। राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ कमलेश कुमार ने राज्य में संचालित टीबी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने कैडेटों से टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड कर माय भारत वॉलंटियर के तहत पंजीयन कराने और टीबी मरीजों को सामाजिक और मनोवैज्ञानिक सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में सभी कैडेटों ने ऐप के माध्यम से पंजीयन कराया और टीबी मरीजों को सहयोग देने की शपथ ली।
इस अवसर पर निदेशक वित्त मोहम्मद गुफरान अहमद, स्वास्थ्य निदेशक डॉ प्रभात कुमार, डॉ विजय किशोर रजक, डॉ पुष्पा, डॉ मुकेश मिश्रा, डब्ल्यूएचओ के डॉ सतीश मांझी, डॉ अनुपम सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

