home page

हत्या का खुलासा, पांच गिरफ्तार

 | 
हत्या का खुलासा, पांच गिरफ्तार


रांची,22 फरवरी (हि.स.)। रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र के आनंद विहार स्थित केपी स्कूल के पास 19 फरवरी को मिले युवक के हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में जोन्सन मिंज, बिउला टोप्पो, दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार और प्रेम लकड़ा शामिल है।

इनके पास से एक देशी कट्टा, घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर बाइक, एक स्कूटी, खून लगा हुआ जैकेट, खून लगा हुआ मिट्टी और मोबाइल फ़ोन बरामद किया गया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि करीब 15-16 साल पुराने प्रेम संबंध को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी। साजिश के तहत चार लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी ने बताया कि 19 फरवरी को सुबह आनंद विहार के केपी स्कूल के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पहचान कांटाटोली रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी के रूप में हुई थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू की। अनुसंधान में सामने आया कि मृतक आशिफ अंसारी का आनंद विहार निवासी बिउला टोप्पो के साथ पिछले 15-16 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते से बिउला के पति जोन्सन मिंज नाराज और परेशान रहता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जोन्सन मिंज ने अपने मित्र दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर आशिफ की हत्या की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस के समक्ष यह खुलासा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे