home page

खेत में मिला युवक का शव, एक हिरासत में

 | 
खेत में मिला युवक का शव, एक हिरासत में


गोड्डा, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिला अंतर्गत पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के नीमटोला अमुवार गांव में एक 45 वर्षीय आदिवासी युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान बाबूजी हांसदा के रूप में की गई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के परिजन घर के पीछे स्थित खेतों की ओर गए थे। वहां बाबू जी हांसदा का शव पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मृतक के गले और सिर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं।

आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

मामले में फिलहाल पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है और गहन अनुसंधान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार