नगर निगम ने डीएवी गांधीनगर के छात्रों में फलदार पौधों का किया वितरण
रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को कांके रोड स्थित सीसीएल डीएवी गांधीनगर स्कूल में रांची नगर निगम और प्रिज्मोलॉइन के संयुक्त तत्वावधान में 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त का विशेष सहयोग रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों को फलदार पौधे वितरित किए और उन्हें प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे अपने-अपने घरों में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधे लगाएंगे, उनकी नियमित देखभाल करेंगे तथा रांची को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने में अपना योगदान देंगे।
पौधा वितरण के बाद स्कूल परिसर में पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बढ़ते वैश्विक तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच प्रकृति का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि रांची की पहचान कभी हरियाली और स्वच्छ वातावरण के लिए होती थी। इस पहचान को बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड संख्या-1 के पार्षद नकुल तिर्की, सीसीएल डीएवी गांधीनगर स्कूल के प्राचार्य पी.के. झा, प्रिज्मोलॉइन के प्रबंध निदेशक ऋषभ सिंघानिया तथा निदेशक (एचआर एंड एडमिन) स्नेहा सिंघानिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रिज्मोलॉइन के जसमीत मेहता और पारस कुमार सिंह भी शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक गोविंद झा, कौशल किशोर, गोविंद यादव, रंजीत गुप्ता, प्रदीप लकड़ा सहित अन्य शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

