गतिरोध के बाद देवघर नगर निगम बोर्ड की बैठक स्थगित
देवघर, 12 सितंबर (हि.स.)।
देवघर नगर निगम की ओर से शनिवार को आहूत बोर्ड की बैठक शुरुआत में सौहार्दपूर्ण वातावरण में शुरू हुई, लेकिन पूर्व की बैठकों में पारित एजेंडों के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा के दौरान गतिरोध उत्पन्न हो गया। इसके बाद बैठक को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया।
बैठक में वार्ड पार्षदों ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ पूर्व की बैठकों में पारित प्रस्तावों और एजेंडों पर त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी। पार्षदों का कहना था कि पूर्व में लिए गए निर्णयों का पहले अनुपालन कराया जाए, इसके बाद ही नए प्रस्तावों पर आगे की कार्रवाई की जाए। इसी मुद्दे को लेकर बैठक में गतिरोध की स्थिति बनी।
मामले को लेकर महापौर रवि राउत ने कहा कि नगर निगम की लोकतांत्रिक गरिमा, विधि-व्यवस्था, वार्ड पार्षदों की जनभावनाओं और उनके सम्मान की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को आगामी बैठकों के लिए विषयों पर अधिक विस्तृत और पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने का अवसर मिले, इसे ध्यान में रखते हुए वर्तमान बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
महापौर ने कहा कि देवघर नगर निगम बोर्ड शहर के सर्वांगीण विकास, बुनियादी नागरिक सुविधाओं की बहाली और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह जिम्मेदार और संकल्पित है। सभी पार्षदों और अधिकारियों के समन्वय से विकासोन्मुखी कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बोर्ड की अगली बैठक व्यापक तैयारियों और स्पष्ट कार्ययोजना के साथ जल्द आयोजित की जाएगी। इसमें शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा एवं निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में लगभग सभी वार्डों के पार्षदों के अलावा उपमहापौर टिप चटर्जी भी मौजूद थीं। मौके पर पार्षदों ने कहा
कि पहले पूर्व में पारित एजेंडों को धरातल पर उतारा जाए, इसके बाद ही नए एजेंडों पर आगे की कार्रवाई हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

