home page

मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन और एनआई एक्ट पर लगा विशेष लोक अदालत

 | 
मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन और एनआई एक्ट पर लगा विशेष लोक अदालत


रामगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम समाधान समारोह एवं एनआई एक्ट से संबंधित विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में न्यायपालिका, अधिवक्ताओं, मध्यस्थों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश मो तौफीकुल हसन ने की। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनिल कुमार, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, अधिवक्ता, मध्यस्थ, पैरा लीगल वॉलंटियर्स सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से एनआई एक्ट से जुड़े मामलों में लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान समय, धन और श्रम तीनों की बचत करता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनिल कुमार ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण निरंतर कार्य कर रहा है। साथ ही वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली के माध्यम से मामलों के प्रभावी और त्वरित निस्तारण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन में न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। समाधान समारोह के माध्यम से संवाद और आपसी सहमति के आधार पर विवादों के निपटारे को प्रोत्साहित करने तथा विशेष लोक अदालतों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों, मध्यस्थों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने न्याय को आमजन तक सहज रूप से पहुंचाने और अधिक से अधिक मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश