मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत राहत, बिजली चोरी की सूचना देने के लिए व्हाट्सऐप नंबर जारी
देवघर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने, बिजली की बचत करने और समय पर बिजली बिल का भुगतान करने की अपील की है। साथ ही विद्युत संबंधी शिकायतों और बिजली चोरी की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने कहा है कि बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अनावश्यक रूप से पंखे, बल्ब और अन्य विद्युत उपकरणों को चालू नहीं रखना चाहिए। जरूरत पूरी होने पर उपकरणों का स्विच बंद कर ऊर्जा की बचत की जा सकती है।
विद्युत विभाग ने लोगों से बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और अर्थिंग तारों को नहीं छूने की अपील की है। कहीं बिजली का तार टूटा या क्षतिग्रस्त दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचना दें। बिजली उपकरणों के साथ लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली का अवैध उपयोग और चोरी दंडनीय है। विद्युत अधिनियम के तहत संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करने और बिजली चोरी रोकने में विभाग का सहयोग करने की अपील की गई है।
विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ता 9031110118, 9031110119 और 9031110120 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, विभाग के कॉल सेंटर के नंबर 1912, 18003456570 और 0651-2710002 जारी किए गए हैं।
मोबाइल एवं व्हाट्सऐप संपर्क के लिए 9031110121, 9431135504 और 9431135503 नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। बिजली चोरी की सूचना व्हाट्सऐप नंबर 9431135515 पर दी जा सकती है। विभाग के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना का लाभ लेने, बिजली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

