home page

रामगढ़ एसपी के पद पर मुकेश कुमार लुनायत ने लिया प्रभार

 | 
रामगढ़ एसपी के पद पर मुकेश कुमार लुनायत ने लिया प्रभार


रामगढ़ एसपी के पद पर मुकेश कुमार लुनायत ने लिया प्रभार


रामगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले में 16 वें एसपी के रूप में मुकेश कुमार लुनायत ने पदभार ग्रहण करते ही सख्त और स्पष्ट संदेश दे दिया है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने जिम्मेदारी संभालते ही कहा कि अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी और कानून का राज हर हाल में कायम किया जाएगा। उनकी पहली ही प्रेस बातचीत ने यह संकेत दे दिया कि आने वाले दिनों में रामगढ़ में पुलिसिंग का अंदाज और तेवर दोनों बदलने वाले हैं।

एसपी ने दो टूक में कहा कि संगठित अपराध, अवैध खनन, सट्टेबाजी, शराब और अन्य गैरकानूनी धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़े नेटवर्क पर भी सीधी कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

कानून से ऊपर कोई नहीं, इस स्पष्ट संदेश के साथ एसपी लुनायत ने बताया कि जिले में विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

एसपी ने अपने विज़न में साफ कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए थाना स्तर पर पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोगों को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

कोयला, जमीन, सट्टा और शराब से जुड़े अवैध कारोबार पर विशेष अभियान चलाने की बात कही गई है। उन्होंने संकेत दिया कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी, जिससे सिस्टम में जवाबदेही बनी रहे।

नए एसपी ने पूर्व एसपी अजय कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने की जो नींव रखी है, उसे और सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश