home page

अग्निशमन सेवा सप्ताह पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने की जागरूकता बढ़ाने की अपील

 | 
अग्निशमन सेवा सप्ताह पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने की जागरूकता बढ़ाने की अपील


रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को रांची स्थित लोक भवन में महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं एमएस भाटिया ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अवसर पर उन्हें बैज पहनाया गया।

इस मौके पर राज्यपाल ने अग्निशमन सेवाओं की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि ये कर्मी अपने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

राज्यपाल ने ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के माध्यम से आम लोगों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रहें और आपदा से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।

इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की भी जानकारी दी गई, जिनका उद्देश्य लोगों को आग से बचाव और आपातकालीन स्थिति में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक करना है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे