बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे पप्पू यादव, केंद्र और बिहार सरकार पर साधा निशाना
देवघर, 05 नवंबर (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं मंदिर से बाहर निकलते ही उन्होंने केंद्र सरकार और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठाए। उनके तीखे बयानों से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।
सांसद पप्पू यादव ने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि देश में करीब 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर इंडी गठबंधन के नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं और विरोध जता रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब इतना बड़ा मुद्दा सामने है, तो सरकार आम जनता के सवालों का जवाब देने से क्यों बच रही है।
पप्पू यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट है और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। इसके बावजूद सरकार इन बुनियादी समस्याओं के समाधान पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए सांसद ने उनके बयानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के लगातार सामने आ रहे बयान बिहार की छवि और सम्मान को प्रभावित कर रहे हैं।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने बिहार सरकार को सबसे ज्यादा घेरा। बेगूसराय, मधुबनी, छपरा और नवादा में लड़कियों के साथ हुई दुष्कर्म की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर राज्य में बेटियां कितनी सुरक्षित हैं। जब अलग-अलग जिलों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, तो सरकार की जवाबदेही क्यों तय नहीं हो रही है। उन्होंने अंकिता दुष्कर्म कांड का भी जिक्र करते हुए केंद्र की राजनीति और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।
देवघर दौरे के दौरान सांसद ने धनबाद में खटाल हटाने के मामले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कई दशकों से संचालित खटालों को हटाने के वह पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों का रोजगार और जीवनयापन वर्षों से इन खटालों पर निर्भर है, उन्हें अचानक हटाना उचित नहीं है। उन्होंने इस मामले में स्थानीय उपायुक्त और झारखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत करने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

