home page

जेएसएलपीएस और आईबी के बीच पेमेंट गेटवे को लेकर हुआ एमओयू

 | 
जेएसएलपीएस और आईबी के बीच पेमेंट गेटवे को लेकर हुआ एमओयू


रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) और इंडियन बैंक (आईबी) के बीच क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) के लिए अत्याधुनिक पेमेंट गेटवे एप्लीकेशन के विकास करने के लिए बुधवार को रांची में एक गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इससे ग्रामीण वित्तीय प्रबंधन प्रणाली को डिजिटल, सुरक्षित और अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में मजबूती मिलेगी।

एमओयू पर जेएसएलपीएस के मुख्य परिचालन पदाधिकारी बिष्णु चरण परिदा और इंडियन बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक महेंद्र बाजपेयी ने हस्ताक्षर किया।

इस अवसर पर जेएसएलपीएस के मुख्य परिचालन पदाधिकारी बिष्णु चरण परिदा ने कहा कि इस साझेदारी के तहत विकसित पेमेंट गेटवे एप्लीकेशन के माध्यम से सीएलएफ, वीओ, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), विक्रेताओं और कैडरों के बीच सुरक्षित एवं रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन सुनिश्चित किया जाएगा।

वहीं बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक महेंद्र बाजपेयी ने बताया कि एमओयू के इस प्रणाली की खासियत यह है कि इसमें मेकर चेकर अप्रूवर आधारित अनुमोदन प्रक्रिया, डिजिटल सिग्नेचर (डीएससी) और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण जैसी उन्नत सुविधाएं शामिल होंगी। अंचल प्रबंधक राजेश शरण ने बताया कि राज्य से लेकर सीएलएफ स्तर तक भूमिका आधारित एक्सेस प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि होगी।

विशेष रूप से यह पहल देश में अपनी तरह की पहली मानी जा रही है। झारखंड स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन पूरे देश में सीएलएफ स्तर पर इस प्रकार का पेमेंट गेटवे लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है, जो इसे एक मॉडल परियोजना के रूप में स्थापित करता है।

प्रारंभिक चरण में इस प्रणाली को छह सीएलएफ में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा, जिसमें सीएलएफ और वीओ के बीच ऋण वितरण और भुगतान से जुड़े लेन-देन शामिल होंगे। पायलट के सफल क्रियान्वयन के बाद इसे विस्तारित करते हुए सभी प्रकार के वित्तीय लेन-देन को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर इंडियन बैंक के कॉर्पोरेट कार्यालय चेन्नई के महाप्रबंधक अन्बु कामराज पी, अंचल प्रबंधक राजेश शरण, अमित जैन, जेएसएलपीएस की राज्य कार्यक्रम प्रबंधक पूर्णिमा मुखर्जी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar