home page

चतरा के 28 बिरहोर परिवारों के आवास दुरूस्त करने के लिए सीसीएल ने किया एमओयू

 | 
चतरा के 28 बिरहोर परिवारों के आवास दुरूस्त करने के लिए सीसीएल ने किया एमओयू


रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से चतरा जिला प्रशासन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। यह पहल सीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत की गई है, जिसका उद्देश्य आदिम जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के जीवन स्तर में समग्र सुधार लाना है।

इस समझौते के अंतर्गत चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड स्थित धुना पंचायत में रह रहे बिरहोर समुदाय के 28 परिवारों के आवासों के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना के लिए सीसीएल की ओर से 28 लाख 49 हजार 700 रुपये की राशि चतरा जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी।

एमओयू पर सीसीएल की ओर से संजीव कुमार, महाप्रबंधक, आम्रपाली चंद्रगुप्त क्षेत्र और चतरा जिला प्रशासन की ओर से जिला खनन पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी (सीएसआर) मनोज टोप्पो ने हस्ताक्षर किया।

इस अवसर पर चतरा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त कीर्तिश्री, उप-विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा और योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

यह पहल बिरहोर समुदाय को सुरक्षित और टिकाऊ आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सीसीएल, सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में निरंतर सार्थक पहल कर रही है। उनके मार्गदर्शन में बिरहोर जैसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के जीवन स्तर में सुधार के लिए आवास सुदृढ़ीकरण जैसी योजनाएं न केवल उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करती हैं, बल्कि उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त जीवन की ओर अग्रसर करने का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak