home page

एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड और एफएजीएमआईएल के बीच एमओयू, खनिज क्षेत्र में सहयोग को मिलेगी नई दिशा

 | 
एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड और एफएजीएमआईएल के बीच एमओयू, खनिज क्षेत्र में सहयोग को मिलेगी नई दिशा


रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) और एफसीआई अरावली जिप्सम एवं मिनरल्स इंडिया लिमिटेड (एफएजीएमआईएल) के बीच शनिवार को महत्वपूर्ण तथा सामरिक खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता जोधपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में एफएजीएमआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक पीके दास की उपस्थिति में एनएमएल के महाप्रबंधक विजय कुमार कानूनगो और एफएजीएमआईएल के महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह राठौर ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी के तहत खनिज अन्वेषण ( एक्सप्लोरेशन) और संसाधन अधिग्रहण से लेकर मूल्य-वर्धित उत्पादों के निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया को एक सुव्यवस्थित ढांचे में संचालित किया जाएगा। यह कार्य न केवल देश के भीतर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी किया जाएगा।

इस समझौते का मुख्य उद्देश्य देश में खनिज क्षेत्र की क्षमता को मजबूत करना, आयात पर निर्भरता को कम करना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। दोनों संस्थान अपनी तकनीकी और वित्तीय क्षमताओं को साझा करते हुए खनिज प्रसंस्करण और सामग्री विकास के क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने पर काम करेंगे।

जानकारों के अनुसार, एनएमएल और एफएजीएमआईएल के बीच यह सहयोग ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगा। इससे देश में खनिज क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग और दक्षता में सुधार होने की उम्मीद है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak