मदर्स डे पर नन्हे कलाकारों की कला से जीवंत हुई मां की ममता
रांंची, 09 मई (हि.स.)।
मदर्स डे के अवसर पर बरियातू स्थित एमएमके हाई स्कूल में सामाजिक संस्था अर्थ फाउंडेशन की ओर से शनिवार को पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में जुटे छात्र-छात्राओं ने चित्रकारी के माध्यम से मां-बच्चे के अटूट रिश्ते को कैनवास पर उकेरा, जिसे देखने वाले व्यक्तियों का मन मां की ममता को याद करते हुए भावुक हो उठा। किसी ने अपनी पेंटिंग में मां के अंतहीन त्याग और संघर्ष को दर्शाया, तो किसी ने मां की सुरक्षा और उसकी शीतल ममता पर रंग भरी तस्वीर बनाई। बच्चों की एक-एक कलाकृति मां के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा और प्रेम की कहानी बयां कर रही थी।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका ने बच्चों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनके हुनर की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अलकाम बसीर को, द्वितीय पुरस्कार गुंजन कुमारी को और तृतीय पुरस्कार सुहाना को मिला। इसके साथ ही प्रतियोगिता में 12 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग बनाने वाले बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले बच्चों में खुशबू कुमारी, जैस्मीन कुमारी, सालेहीन, राधिका, इकरा, अरमान खान, जाहिद खान, आरती कुमारी, आस्था कुमारी सहित अन्य छात्रों के नाम शामिल थे। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ तनवीर अहमद, प्राचार्या कहकशां परवीन और अर्थ फाउंडेशन के अमित कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

