home page

रांची में किराए के मकान से मां-बेटे का शव बरामद, चार वर्षीय बेटी और ननद गंभीर

 | 
रांची में किराए के मकान से मां-बेटे का शव बरामद, चार वर्षीय बेटी और ननद गंभीर


रांची, 18 जुलाई (हि.स.)। रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शनिवार सुबह एक किराए के मकान से मां और उसके मासूम बेटे का शव बरामद हुआ। वहीं परिवार की चार वर्षीय बेटी और 15 वर्षीय ननद गंभीर हालत में मिलीं। दोनों घायलों को पहले सेवा सदन में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी और चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी शामिल हैं। दोनों का रिम्स में उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार तड़के काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें संदेह हुआ। सुबह करीब पांच बजे पड़ोसियों ने एस्बेस्टस की चादर हटाकर घर के भीतर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में पिंकी देवी और उनके बेटे का शव पड़ा था, जबकि चंदा कुमारी और प्राची कुमारी अचेत एवं गंभीर अवस्था में जमीन पर मिलीं।

घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में चारों लोग सो रहे थे, उसी कमरे में कोयले का चूल्हा भी रखा था। आशंका है कि चूल्हे से निकले धुएं या जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा।

रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

जानकारी के अनुसार, पिंकी देवी रांची की एक कपड़ा दुकान में काम करती थीं। उनके पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में धन्नू यादव के मकान में पिछले करीब ढाई वर्षों से किराए पर रह रहा था। सभी मूल रूप से बिहार के सारण (छपरा) जिले के महमदा गांव के निवासी थे।

परिवार में पिंकी के सास-ससुर मुन्नी देवी और पंचम साहू भी हैं। पंचम साहू टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मुन्नी देवी मजदूरी करती हैं। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे