झारखंड के 82 मॉडल विद्यालयों में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न
रांची, 28 मार्च (हि.स.)। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा संचालित राज्य के 82 मॉडल विद्यालयों में कक्षा छह, सत्र 2026–27 में नामांकन के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। यह परीक्षा राज्य के 19 जिलों में स्थापित 60 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई।
परीक्षा का आयोजन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की समय से पहले उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास साफ झलकता नजर आया।
यह परीक्षा 100 अंकों की बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित थी। इसमें अंग्रेजी (30 अंक), गणित (30 अंक) और सामाजिक विज्ञान (40 अंक) से प्रश्न पूछे गए। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी, जिसके बाद चयनित छात्र-छात्राएं मॉडल विद्यालयों में नामांकन ले सकेंगे।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और अन्य संबंधित कर्मियों ने समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की। सभी केंद्रों पर कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा सम्पन्न कराई गई।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तहत संचालित इन मॉडल विद्यालयों में झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अधीन अंग्रेजी माध्यम से कक्षा 6ठी से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। इन विद्यालयों का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आधुनिक और उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
परिषद ने राज्य के अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इन मॉडल विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन कराएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठाएं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

