home page

नगड़ी में बनेगा मॉडल एकीकृत कृषि-प्रसंस्करण केंद्र, मंत्री ने दी स्वीकृति

 | 
नगड़ी में बनेगा मॉडल एकीकृत कृषि-प्रसंस्करण केंद्र, मंत्री ने दी स्वीकृति


रांची, 30 जुलाई (हि.स.)। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने गुरुवार को नेपाल हाउस सचिवालय स्थित कार्यालय में उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में नगड़ी में फलों और सब्जियों के लिए मॉडल एकीकृत पैकहाउस एवं कृषि-प्रसंस्करण केंद्र की स्थापना को स्वीकृति दी। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि इस परियोजना का संचालन नगड़ी स्थित आईसीएआर-एनआईएसए, नामकुम की ओर से किया जाएगा। केंद्र की स्थापना से किसानों को वैज्ञानिक भंडारण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी उपज की बाजार एवं निर्यात क्षमता बढ़ेगी।

मंत्री ने उद्यान विकास योजनाओं में क्लस्टर आधारित मॉडल अपनाने और उद्यान निदेशालय के पांचों सहायक निदेशकों को प्रमंडलवार जिम्मेदारी देकर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दी।

बैठक में मधुमक्खी पालन योजना के लिए समर्पित वेबसाइट विकसित करने तथा लाभुक किसानों की प्रोफाइल और सफलता की कहानियां उसमें शामिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मधु उत्पादों के लिए प्रभावी मार्केट लिंकेज विकसित करने पर जोर दिया गया। हाईटेक नर्सरी सह उद्यानिकी पार्क की स्थापना, गोधन न्याय योजना के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रसंस्करण एवं वैल्यू एडिशन आधारित खेती को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीक पी., विशेष सचिव गोपाल तिवारी, उद्यान निदेशक परवीन टोप्पो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar