प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी : विधायक
देवघर, 12 जून (हि.स.)। प्रखंड के कोयरीडीह सामुदायिक भवन में शनिवार को आयोजित बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण और बैठक कार्यक्रम में विधायक सुरेश पासवान शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी की ओर से नियुक्त बीएलए-1 सह मीडिया प्रभारी प्रमोद यादव ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 सदस्यों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ आगामी एसआईआर अभियान से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों के बारे में बताते हुए निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ फणीभूषण यादव ने भी बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और मतदाता सूची के सत्यापन कार्य को पूरी गंभीरता से संपन्न करने का आह्वान किया।
बैठक में एसआईआर अभियान की प्रक्रिया, चुनौतियों और संगठन की भूमिका पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में विधायक सुरेश पासवान ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है।
बैठक में जिला अध्यक्ष डॉ फणीभूषण यादव, प्रखंड अध्यक्ष लालमोहन मांझी, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं देवघर प्रखंड के सभी बीएलए-2 कार्यकर्ता उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

