home page

विधायक जयराम महतो ने बाबा बैद्यनाथ दरबार में टेका मत्था

 | 
विधायक जयराम महतो ने बाबा बैद्यनाथ दरबार में टेका मत्था


देवघर, 07 जून (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो रविवार को बाबा नगरी देवघर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर में गठबंधन बांधने की सनातन परंपरा भी निभाई।

विधायक ने बाबा भोलेनाथ से अपने क्षेत्र सहित पूरे राज्यवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र महतो, दीपक रवानी, पवन चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर से बाहर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए विधायक जयराम महतो ने कहा कि उनके और उनके साथियों के मन में लंबे समय से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने की तीव्र इच्छा थी। आज बाबा की कृपा से वह शुभ दिन आया, जब सभी साथियों के साथ बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने और उनका आशीर्वाद पाने का सौभाग्य मिला। बाबा बैद्यनाथ के चरणों में आकर असीम शांति की अनुभूति हुई है। मैंने बाबा से यही प्रार्थना की है कि हमारे झारखंड राज्य पर अपनी कृपा बनाए रखें और हर नागरिक के जीवन में खुशहाली आए।

उल्लेखनीय है कि विधायक जयराम महतो देवघर में कुर्मी महासभा की ओर से आयोजित 'प्रतिभा सम्मान समारोह' में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में भाग लेने से पहले उन्होंने बाबा के दरबार में मत्था टेककर अपने देवघर दौरे की शुरुआत की। मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy