home page

मुख्यमंत्री से मिस यूनिवर्स झारखंड खिताब की विजेता प्रतिभागी दीपाली रिया ने की मुलाकात

 | 
मुख्यमंत्री से मिस यूनिवर्स झारखंड खिताब की विजेता प्रतिभागी दीपाली रिया ने की मुलाकात


मुख्यमंत्री से मिस यूनिवर्स झारखंड खिताब की विजेता प्रतिभागी दीपाली रिया ने की मुलाकात


रांची, 16 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 खिताब की विजेता प्रतिभागी दीपाली रिया ने मुलाकात की। बाेकाराे

निवासी दीपाली की मुख्यमंत्री से यह शिष्टाचार भेंट थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दीपाली रिया को अपनी ओर से हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के समक्ष दीपाली रिया ने विगत 29 मार्च को रांची में आयोजित मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 प्रतियोगिता का खिताब जीतने तक के सफर और अनुभवों को साझा किया।

मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए पिछले एक वर्ष से अधिक समय से उन्होंने निरंतर कड़ी मेहनत की। इस दौरान रैंप वॉक, ग्रूमिंग क्लास और इंटरव्यू की विशेष तैयारी पूरी ईमानदारी और लगन के साथ की थी।

मौके पर मुख्यमंत्री ने दीपाली रिया की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 का ताज अपने नाम कर दीपाली रिया ने झारखंड के साथ-साथ पूरे बोकारो जिला का मान बढ़ाया है।

इनकी सफलता आने वाले समय में अन्य प्रतिभागियों को प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रतिभा का धनी राज्य रहा है, यहां के प्रतिभागियों ने कई मौकों पर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रामकृष्ण मिशन विवेकानंद एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीच्यूट के प्रति-कुलपति स्वामी आत्मप्रियानंदजी और रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी के सचिव स्वामी भवेशानंदजी ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे