नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
दुमका, 13 मई (हि.स.)। जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र में गाय चराने गई एक नाबालिग के साथ तीन युवकों की ओर से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला बुधवार काे प्रकाश में आया है।
घटना को लेकर पीड़िता के भाई ने जरमुंडी थाने में कांड दर्ज कराया है। पीड़िता के भाई के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित अनुसंधान करते हुए तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। नाबालिग के भाई की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार पीड़िता गाय चराने गई थी। इस दौरान पहले से ही घात लगाए बैठे तीन युवक उसे जबरन पास के पहाड़ पर ले गये और बारी बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
इसी बीच पीड़िता की मां, बेटी के लिए खाना लेकर पहुंची और बेटी को वहां नहीं पाकर परेशान होने लगी और इधर उधर तलाश की । इसके बाद नाबालिग के माता-पिता एवं अन्य लोगों के जरिये आसपास स्थित पहाड़ पर खोजबीन की गई। पीड़िता का नाम लेकर आवाज लगाने पर पहाड़ से रोने की आवाज सुनाई दी। पास पहुंचने पर पीड़िता को एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा गया। लोगों को देखते ही दो युवक मौके से भागने में कामयाब रहे।
जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़े गए युवक की निशानदेही पर अन्य दो आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। घटना में शामिल युवकों का नाम विकास हेंब्रम, साहेब मुर्मू और मिथुन सोरेन है। तीनों एक ही गांव के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपिताें को जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

