श्रावणी मेले के दाैरान इस बार वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन रहेगा बंद : मंत्री
देवघर, 25 जुलाई (हि.स.)। आगामी विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को देवघर परिसदन सभागार में नगर विकास और पर्यटन, कला-संस्कृति मंत्री सुदिव्य कुमार साेनू की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विभागवार तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
मंत्री ने निर्देश दिया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले राजकीय श्रावणी मेले से पूर्व 28 जुलाई तक सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी से श्रद्धालु अच्छी स्मृतियों के साथ लौटें, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेले के दौरान आउट ऑफ टर्न, वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को पुनः तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
मंत्री ने मेला क्षेत्र में एआई आधारित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, एआई कैमरे, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम, एआई ट्रैफिक मैनेजमेंट, ड्रोन निगरानी, हाई क्वालिटी एएनपीआर कैमरे, हेड काउंटिंग सिस्टम, चैटबॉट हेल्पलाइन, डिजिटल पवेलियन तथा क्यूआर कोड आधारित शिकायत एवं फीडबैक प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड के माध्यम से श्रद्धालु अपनी शिकायत या सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना एवं सहायता केंद्र, टेंट सिटी, पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, साफ-सफाई, कूड़ा उठाव, विद्युत आपूर्ति एवं वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था को चौबीसों घंटे सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। गर्मी और उमस को देखते हुए मिस्ट कूलिंग सिस्टम एवं इंद्र वर्षा (वॉटर स्प्रे सिस्टम) की संख्या बढ़ाने और देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुण्डी विधायक देवेन्द्र कुंवर सहित विभिन्न विभागों के सचिव, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

